सुपौल, 26 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत सीतापुर दक्षिण मध्य विद्यालय के इको क्लब के छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करना था।

विद्यालय में नामांकित 442 छात्रों में से कृषि एवं पर्यावरण में रुचि रखने वाले 20 छात्र-छात्राओं का चयन इस एक्सपोजर विजिट के लिए किया गया। चयन विद्यार्थियों की रुचि, प्रतिभा तथा रंगोली, चित्रकला, जल संरक्षण और बाल वाटिका जैसी गतिविधियों में उनकी भागीदारी के आधार पर किया गया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने ‘किसान भूषण’ से सम्मानित प्रगतिशील किसान भिखारी मेहता के रानी पट्टी स्थित कृषि फार्म हाउस का दौरा किया। यहां छात्र-छात्राओं ने आधुनिक कृषि और वानिकी की बारीकियों को करीब से समझा। भिखारी मेहता ने उन्हें स्ट्रॉबेरी की उन्नत खेती, वर्मी कंपोस्ट (केंचुआ खाद) तैयार करने की विधि तथा वानिकी के वैज्ञानिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर बच्चों ने गुलेल से कलमी पौधे तैयार करने की प्रक्रिया और नगदी फसलों की खेती के बारे में भी जानकारी हासिल की। छात्रा आराध्या देव और छात्र प्रेम राज सहित अन्य विद्यार्थियों ने कृषि तकनीकों को व्यवहारिक रूप में देखा और समझा।
विद्यालय के प्राचार्य सिंधेश्वर शर्मा एवं नोडल शिक्षक मनोज कुमार दास ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों से छात्रों में किताबों के ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक समझ भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान क्षेत्र में इस प्रकार की पहल बच्चों को खेती और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
फिजिकल शिक्षिका सुनीला गुप्ता ने जानकारी दी कि विद्यार्थियों के उत्साह को देखते हुए भविष्य में भी इस तरह के तकनीकी प्रशिक्षण और शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
