सीतापुर, 14 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस की उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा शनिवार से सीतापुर जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। 14 और 15 मार्च को आयोजित इस परीक्षा के लिए जनपद में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 11,520 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

शनिवार सुबह पहली पाली की परीक्षा के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी निर्धारित समय से पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए। इस बार परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों की भागीदारी अधिक देखने को मिली। कुल परीक्षार्थियों में करीब 56 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सुबह आठ बजे से प्रवेश दिया गया, लेकिन उससे पहले सघन जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। सुरक्षा के मद्देनजर कई केंद्रों पर जूते, बेल्ट और अन्य धातु की वस्तुएं उतरवाकर जांच की गई, ताकि कोई भी प्रतिबंधित सामग्री या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अंदर न ले जाया जा सके। इसके साथ ही ब्लूटूथ डिवाइस और ज्वैलरी भी हटवाकर अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया।
नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे परीक्षा कक्षों और पूरे परिसर की निगरानी की जा रही है। केंद्रों के बाहर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर आंतरिक व बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। ये अधिकारी परीक्षा प्रक्रिया की लगातार निगरानी कर रहे हैं। नगर के आरएमपी डिग्री एवं इंटर कॉलेज में अभ्यर्थियों का सुबह से ही पहुंचने का क्रम रहा। यहां रायबरेली, अमेठी, उन्नाव से आए अभ्यर्थियों का जमावड़ा सुबह 7 बजे से ही लगा रहा।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि परीक्षा को सम्पन्न कराने के लिए केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने अभ्यर्थियों से दोपहर की दूसरी पाली में होने वाली परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma
