पूर्वी सिंहभूम, 04 अप्रैल (हि.स.)। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर (डिब्बा लाइन बस्ती) में हुई हिंसक घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद ये सभी शहर से फरार होने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनकी योजना विफल हो गई।

नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) कुमार शुभाशिष ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि सभी आरोपितों को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मानगो बस स्टैंड पर छापेमारी की। इस दौरान चारों आरोपित पटना भागने के लिए बस पकड़ने की फिराक में थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों में करण वर्मा, निर्भय सिंह उर्फ छोटका, संतोष वर्मा उर्फ मुन्ना और कुणाल मुंडा उर्फ छिला शामिल हैं। सभी आरोपी उसी इलाके के निवासी हैं, जहां यह घटना हुई थी।
घटना मंगलवार रात की है, जब छायानगर स्थित अमित स्टोर के पास कुछ युवकों ने हथियारों के साथ अचानक उत्पात मचाना शुरू कर दिया। आरोपितों ने पहले इलाके में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की और इसके बाद सन्नी पुष्टि उर्फ जगन्नाथ तथा नंदू लोहार पर हमला कर दिया। दोनों को सड़कों पर दौड़ाकर पीटा गया और धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया।
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपितों का पता लगाया। गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक देसी कट्टा, तीन धारदार चापड़ और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
घायल नंदू लोहार के बयान के आधार पर सीतारामडेरा थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में से तीन पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। विशेष रूप से कुणाल मुंडा उर्फ छिला के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपितों का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।
————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
