नई दिल्ली, 27 जनवरी (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर थाना क्षेत्र के गौतमपुरी इलाके में सड़क पार करने के दौरान हुई मामूली टक्कर ने कुछ ही मिनटों में हिंसक रूप ले लिया। स्कूटी सवार युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर दो सगे भाइयों पर लोहे की सरियों, चाकू और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर यहीं नहीं रुके, बल्कि पीड़ितों की बेकरी में घुसकर मारपीट करते हुए नकदी भी लूट ले गए।

घायल भाइयों की पहचान 38 वर्षीय इश्तियाक और 28 वर्षीय इखलाक के रूप में हुई है। दोनों गौतमपुरी में इंजीनियरिंग कॉलेज के पास एक बेकरी चलाते हैं। पीड़ितों के अनुसार, सोमवार देर शाम वे शौच के लिए गए थे और लौटते समय गली नंबर-6 और 7 के बीच सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी से आए दो-तीन युवकों से उनकी हल्की टक्कर हो गई। शुरुआत में किसी को चोट नहीं लगी, लेकिन कहासुनी बढ़ती चली गई।

आरोप है कि कुछ देर बाद स्कूटी सवार युवक अपने अन्य साथियों को बुलाकर मौके पर लौटे और दोनों भाइयों को घेर लिया। इसके बाद उन्होंने लोहे की सरियों और चाकू से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए दोनों भाई भागकर अपनी ही बेकरी में घुस गए, लेकिन आरोपित वहां भी पहुंच गए। बेकरी के अंदर भी जमकर मारपीट की गई और गल्ले में रखे करीब 20 से 30 हजार रुपये नकद लूट लिए गए।
हमले में दोनों भाइयों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घायलों को पहले जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
उत्तर पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
