मेदिनीपुर, 1 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मंगलवार सुबह से लेकर देर रात तक पश्चिम मेदिनीपुर और बांकुड़ा जिलों में कई चुनावी सभाएं और बैठकों को संबोधित किया। चंद्रकोणा, गढ़बेता और विष्णुपुर में आयोजित सभाओं में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनता का यह अपार समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इससे स्पष्ट है कि राज्य में विकास की राजनीति को ही समर्थन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर कटाक्ष करते हुए कविगुरु रवींद्रनाथ ठाकुर की पंक्तियों का उल्लेख किया, नागिनें चारों ओर जहरीली सांसें छोड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि जब शांति और सौहार्द की बातों का मजाक उड़ाया जाने लगे, तब लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता को ही आगे आना पड़ता है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “दिल्ली के जमींदार” बंगाल की धरती पर सांप्रदायिकता फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जो लोग बंगाल की संस्कृति और अस्मिता का अपमान करते हैं तथा आम लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलने की कोशिश करते हैं, उन्हें राज्य की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
ममता बनर्जी ने अपने भाषण में मेदिनीपुर, खड़गपुर (ग्रामीण), शालबनी, ओंदा और कोतलपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के तृणमूल उम्मीदवारों के समर्थन में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता एकजुट होकर कुप्रचार और विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ मतदान करेगी और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करेगी।
मंगलवार की रैलियों के बाद मुख्यमंत्री का चुनावी अभियान बुधवार को भी जारी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह बीरभूम जिले के नानूर विधानसभा क्षेत्र के अल-अमीन मॉडल स्कूल पापुरी ग्राउंड में जनसभा करेंगी, जहां पार्टी उम्मीदवार बिधान चंद्र माझी के समर्थन में लोगों से समर्थन मांगेंगी। इसके बाद मुर्शिदाबाद जिले के बुरवान विधानसभा क्षेत्र के डाकबंगला किशन मंडी ग्राउंड में प्रतिमा रजक के समर्थन में सभा को संबोधित करेंगी। इसके पश्चात जंगीपुर के भोलाडांगा फुटबॉल ग्राउंड में नबग्राम विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार प्रणब चंद्र दास के समर्थन में जनसभा करेंगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
