—कार में खाई में गिरी

सुलतानपुर, 27 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुल्तानपुर के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र मे स्थित पाण्डेयपुर के पास मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार अनियंत्रित हो गई और एक ई-रिक्शा और एक साइकिल को जोरदार टक्कर मारते हुए गड्ढे में जा गिरी। हादसे में ई-रिक्शा चालक और साइकिल सवार गम्भीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान ई-रिक्शा चालक श्यामलाल (60) पुत्र जिवधन, निवासी अनंतपुर रायपुर और साइकिल चालक विजय बहादुर (45) पुत्र लालता, निवासी परशुरामपुर के रूप में हुई है। एस एच ओ संदीप कुमार राय ने बताया कि दोनों मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं घटना के बाद मृतकों के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्हाेंने बताया हादसे करने वाली कार (UP 32 KW 3074) का चालक फरार हाे गया है। पीड़ित परिवार से तहरीर मिलने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
———————–
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त
