जयपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। सिविल लाइंस क्षेत्र के सुशीलपुरा में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्या को लेकर विधायक गोपाल शर्मा लगातार सक्रिय हैं। विधायक शर्मा ने गुरुवार को तीसरे दिन भी क्षेत्र का दौरा कर मौके पर चल रहे सुधार कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली।

राहत की बात यह है कि गुरुवार सुबह की पेयजल आपूर्ति में अधिकांश घरों में साफ पानी आने लगा है, जिससे क्षेत्रवासियों में संतोष का माहौल है। दौरे के दौरान विधायक शर्मा ने कई घरों में जाकर नागरिकों से सीधे संवाद किया और उन्हें आश्वस्त करते हुए अधिकारियों को जल्द से जल्द स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक शर्मा ने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि विकास कार्यों के दौरान जनहित को सर्वोपरि रखा जाए और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही भविष्य में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों की गुणवत्ता एवं समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जाए।
ज्ञात हो कि सुशीलपुरा में सड़क निर्माण कार्य के दौरान तकनीकी कारणों से सीवर और पेयजल कनेक्शन प्रभावित हो गए थे, जिससे कई घरों में जलापूर्ति दूषित होने लगी थी। शिकायतें सामने आने पर विधायक शर्मा ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मंगलवार को क्षेत्र का दौरा कर, स्थानीय नागरिकों से संवाद किया तथा नगर निगम एवं पीएचईडी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक शर्मा के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीमों को भी भेजा गया, जहां स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों वाले नागरिकों की जांच की गई।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
