सूरजपुर, 11 मार्च (हि.स.)। पंडित रविशंकर त्रिपाठी शासकीय महाविद्यालय भैयाथान में आज बुधवार को भारतीय थल सेना अग्निवीर भर्ती 2026 के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला और जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया और रोजगार से जुड़ी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ पैरा कमांडो स्पेशल ट्रेनर एवं सैनिक कल्याण बोर्ड बिलासपुर से जुड़े पुरुषोत्तम कुमार चन्द्रा ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अग्निवीर भर्ती की पूरी प्रक्रिया, चयन चरण, सेवाकाल के दौरान मिलने वाली सुविधाओं और सेवा समाप्ति के बाद उपलब्ध होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान रोजगार कार्यालय सूरजपुर के उदयशंकर ने रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किसी भी शासकीय पद के लिए आवेदन करने हेतु रोजगार कार्यालय में पंजीयन आवश्यक है। वहीं कौशल विकास विभाग के प्रतिनिधि हुसैन ने युवाओं को विभिन्न कौशल विकास योजनाओं और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के प्राचार्य बृजलाल साहू के मार्गदर्शन में तथा कैरियर गाइडेंस प्रभारी दिलीप कुमार और सहयोगी कमलेश खूंटे की देखरेख में किया गया।
कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से युवाओं में सेना में कैरियर बनाने के प्रति उत्साह और जागरूकता बढ़ी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
