
सूरजपुर, 21 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आज शनिवार काे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुदरगढ़ धाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने सूरजपुर जिले को करोड़ों के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी।

चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विकासखंड ओड़गी अंतर्गत कुदरगढ़ धाम पहुंचकर मां कुदरगढ़ी के दर्शन-पूजन किए और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने जिले को 185 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से 52 कार्यों का लोकार्पण और 24 कार्यों का भूमिपूजन कर विकास की बड़ी सौगात दी। इन कार्यों में सड़क, भवन, पेयजल, शिक्षा, जलाशय और नगरीय अधोसंरचना से जुड़े निर्माण शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में रेडी-टू-ईट निर्माण के माध्यम से पोषण कार्यक्रम को बेहतर तरीके से संचालित किया जा रहा है, जिससे महिलाओं और बच्चों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने इसे जिले के समग्र विकास की दिशा में अहम पहल बताया।
उन्होंने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माता कुदरगढ़ का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बस्तर क्षेत्र से नक्सलवाद समाप्त करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कुदरगढ़ धाम के विकास को लेकर उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यहां रोपवे का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही डोम, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा, जिससे धाम का सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व नई ऊर्जा और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सरकार महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आंगनबाड़ी सेवाओं को सुदृढ़ कर बेहतर पोषण सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सुपोषण रथ, आपराधिक जागरूकता रथ और यातायात जागरूकता रथ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता के माध्यम से ही पोषण, सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सकता है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
