धर्मशाला, 07 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस कार्यालय नूरपुर में शनिवार को पुलिस अधीक्षक नूरपुर कुलभूषण वर्मा की अध्यक्षता में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में एसोसिएशन द्वारा सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों के निधन होने पर उनके परिजनों को समयबद्ध आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा दिवंगत पुलिस कर्मियों को उचित सम्मान देने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया।

इसके अतिरिक्त पुलिस जिला नूरपुर में कैंटीन सुविधा स्थापित करने, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के जिला भ्रमण के दौरान पेंशनर्स के साथ संवाद बैठक आयोजित करने तथा उनकी समस्याओं के समाधान हेतु प्रभावी तंत्र विकसित करने की मांग भी रखी गई।
बैठक में इसके अलावा चिकित्सा उपचार, विशेषकर नेत्र (आंख) ऑपरेशन के लिए आर्थिक सहायता में वृद्धि, सेवानिवृत्त कर्मियों के लंबित चिकित्सा बिलों का शीघ्र भुगतान, एक जनवरी 2016 से 31जनवरी 2022 तक के लंबित डीए एरियर एवं अन्य देय लाभों का शीघ्र भुगतान सहित अन्य मांगों को पूरा करने की मांग उठाई गई। एसोसिएशन द्वारा संबंधित विभाग से उपरोक्त मांगों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया, ताकि सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों का समुचित कल्याण सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में पुलिस पेंशनर एसोसिएशन जिला कांगड़ा के अध्यक्ष मनोज कुमार वालिया, उपाध्यक्ष कृष्ण जी रैना, महासचिव कैलाश वालिया सहित अन्य सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
