सोनीपत, 02 फ़रवरी (हि.स.)। सोनीपत

जिले में मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग
घटनाओं में तीन आरोपियों को मादक पदार्थ सहित गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस
ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को काबू किया। सभी आरोपियों के विरुद्ध
मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया
है।
पहली
घटना में क्राइम यूनिट वेस्ट सोनीपत की टीम ने बीती शाम बहालगढ़ क्षेत्र में गश्त
के दौरान सूचना के आधार पर सेक्टर-7 मोड़ पुल के नीचे जीटी रोड से एक युवक को काबू
किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पारदर्शी पन्नी में नशीला पदार्थ स्मैक बरामद
हुआ। इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर वजन करने पर स्मैक का कुल वजन 21.24 ग्राम पाया गया। इस
संबंध में थाना बहालगढ़ में केस दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर एक दिन
के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
दूसरी
घटना में सोमवार को क्राइम यूनिट कुंडली की टीम ने जीटी रोड सेक्टर-7 मोड़ के पास नाकाबंदी
कर दिल्ली से चंडीगढ़ की ओर जा रही एक बस को रुकवाया। बस की जांच के दौरान पिछली सीट
पर बैठे दो युवकों को काबू किया गया। तलाशी में एक आरोपी के पास से 62.26 ग्राम और
दूसरे के पास से 22.60 ग्राम कोकीन बरामद हुई। दोनों के विरुद्ध थाना बहालगढ़ में केस
दर्ज किया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर सोमवार को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि रिमांड अवधि के दौरान मादक पदार्थ की आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े
अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना
