हरियाणा के मुख्यमंत्री ने 24 परगना में परिवर्तन संकल्प यात्रा को किया संबोधित

बंगाल में किसान, युवा बेहाल और भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण व हिंसा का बोलबाला: सैनी
चंडीगढ़/24 परगना, 10 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वर्णिम और विकसित बंगाल बनाने के लिए जनता परिवर्तन संकल्प को मजबूत करने का कार्य करेगी। उन्होंने पारदर्शी शासन, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास आधारित राजनीति के महत्व पर बल दिया।
मुख्यमंत्री मंगलवार को पश्चिम बंगाल के 24 परगना के कुल्पी में परिवर्तन यात्रा के दौरान आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि देश में विकास और परिवर्तन की भावना लगातार मजबूत हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल मछली पालक किसानों की धरा है। यहां के लोगों ने इतिहास व संस्कृति को बदलने का कार्य किया। बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भावना पूरे देश में फैली है। बंगाल की माटी के लोग हमारे लिए गर्व और गौरव हैं। इस धरा ने स्वामी विवेकानन्द, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, बंकिमचन्द्र चटर्जी जैसे महान सपूत दिए हैं। यहां के रणबांकुरों ने देश की आजादी की लड़ाई को नई दिशा देने का काम किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की भूमि ने वंदे मातरण का मंत्र देकर देश में राष्ट्रवाद की ज्योत जलाई जो आज भी जग रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल राजनैतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि पश्चिम बंगाल की लचर-पचर व्यवस्था और
भ्रष्टाचार में फंसी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए परिवर्तन की पुकार है। बंगाल की जनता बदलाव और विकास के साथ चलकर भय और भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहती है। इसी उत्साह एवं जोश के साथ भारी संख्या में जनसभा में आना इस बात का संकेत है कि बंगाल अब परिवर्तन की राह पर गति से आगे बढ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 परगना की खास पहचान है कि यहां जनता मेहनती है। समुद्र के किनारे बसे मछुआरे किसान मेहनत से जीवन यापन कर रहे हैं। किसानों को सुविधाएं व बाजार नहीं मिल रही, युवा बेरोजगार हैं और भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण व हिंसा का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं व चक्रवात से होने वाले नुकसान की भरपाई भी नहीं की। नाले टूट गए, खेती बह गई, उनका पैसा भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार किसी से छुपा हुआ नहीं है। सरकार जनता के साथ बहुत अन्याय कर रही है।
भारत की चतुर्थ आर्थिक शक्ति के रूप में विश्व स्तर पर बढ़ी साख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश अभूतपूर्व तरक्की कर रहा है और भारत की विश्व स्तर पर चतुर्थ आर्थिक शक्ति के रूप में साख बढ़ी है। यह प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच और विकास की राजनीति से ही सम्भव हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने का काम कर रही है। जब तक नारी सशक्त नहीं होती तब तक देश पूर्ण रूप से तरक्की नहीं कर सकता। इसलिए सरकार ने तीन लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का निर्णय लिया है। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये की राशि दी जा रही है। अब तक 5 किस्तों में 750 करोड़ रुपये की राशि महिलाओं को दी जा चुकी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
