जामताड़ा, 26 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस के अवसर पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को जामताड़ा में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रभक्ति, जनसेवा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

मंत्री ने अपने आवास से कार्यक्रमों की शुरुआत करते हुए इंदिरा चौक में झंडा फहराया। इसके बाद उन्होंने वीर कुंवर सिंह, नेताजी सुभाषचंद्र बोस तथा एसबीआई परिसर स्थित महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर, भगवान बिरसा मुंडा और सिद्धू-कान्हू मुर्मू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
गांधी मैदान में मुख्य अतिथि के रूप में झंडा फहराने के बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। अपने संबोधन में मंत्री ने देश, राज्य और जामताड़ावासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े विकास कार्यों तथा आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की।
डॉ. अंसारी ने जूली मेडिकल, कांग्रेस कार्यालय, महिला कॉलेज, मुस्कान अस्पताल सहित कई स्थानों पर तिरंगा फहराया। सबीना अस्पताल में एक दिव्यांग व्यक्ति से तिरंगा फहरवाकर उन्होंने सामाजिक समानता और संवेदनशील नेतृत्व का संदेश दिया। दिन का समापन नारायणपुर में आयोजित कार्यक्रम के साथ हुआ।
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।———-
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
