हरिद्वार, 11 मार्च (हि.स.)। हरिद्वार–रुड़की हाईवे पर पतंजलि योगपीठ के पास मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में घायल देहरादून जिले की श्यामपुर चौकी में तैनात सिपाही आकाश मीणा की इलाज के दौरान मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती देर रात हरिद्वार–रुड़की हाईवे पर पतंजलि के निकट सड़क हादसा हो गया, जिसमें श्यामपुर चौकी में तैनात सिपाही आकाश मीणा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए इंद्रेश अस्पताल, देहरादून ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सिपाही आकाश मीणा इससे पहले कोटद्वार कोतवाली में भी तैनात रह चुके थे और अपने मिलनसार स्वभाव व कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं सिपाही के असामयिक निधन से परिजनों और सहकर्मियों में गहरा दुख है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
