राज्यपाल दस एंबुलेंस को झंडी दिखाकर करेंगे रवाना

चंडीगढ़, 11 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में राज्यपाल एवं हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष प्रोफेसर असीम कुमार घोष गुरुवार को लोकभवन से रेडक्रॉस की नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने बुधवार को बताया कि वर्ष 2025 में राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने हरियाणा रेडक्रॉस मुख्यालय का दौरा किया था, तब उन्होंने रेडक्रॉस सेवाओं को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से 10 एंबुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। उसी घोषणा के अनुरूप अब इन नई एंबुलेंसों को लोकभवन से हरी झंडी दिखाई जाएगी। इन एंबुलेंसों को औद्योगिक एसोसिएशनों को सौंपा जाएगा ताकि वहां कार्यरत श्रमिकों को आपातकालीन स्थिति में समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही श्रमिकों को दुर्घटना या अचानक स्वास्थ्य खराब होने की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचाने की सुविधा मिल सके। औद्योगिक क्षेत्रों में अक्सर कार्य के दौरान दुर्घटनाओं या स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों की संभावना रहती है।
अंकुश मिगलानी ने कहा कि नई एंबुलेंस मिलने से आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का दायरा और मजबूत होगा तथा जरूरतमंदों को समय पर मदद उपलब्ध कराना और आसान हो जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
