मध्यप्रदेश से लेकर आ रही पुलिस पर किया फायर

हांसी, 08 फरवरी (हि.स.)। पुलिस ने यहां के हुडा
सेक्टर 6 में हुई प्रोपर्टी डीलर हत्या मामले के एक आरोपी को शनिवार देर रात मुठभेड़
के बाद काबू कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के
लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मुठभेड़ के बाद पकड़े गए आरोपी की पहचान मध्य-प्रदेश
निवासी महेंद्र के रूप में हुई है।
पुलिस उपाधीक्षक रविंद्र सांगवान ने बताया कि पुलिस
महेंद्र को मध्यप्रदेश से लेकर आ रही थी। हांसी के नजदीकी गांव शेखपुरा क्षेत्र में
जब पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने पहुंची, तो आरोपी ने उसी हथियार से
पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली महेंद्र के पैर में लगी,
जिससे वह घायल हो गया।
डीएसपी सांगवान ने बताया कि आरोपी द्वारा चलाई गई पिस्टल को
मौके से बरामद कर लिया गया है। घायल महेंद्र को तुरंत हांसी के सामान्य अस्पताल ले
जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया।
घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और सीन ऑफ क्राइम यूनिट
ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। डीएसपी सिद्धार्थ बिश्नोई और शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह
ने भी अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि आरोपी से
पूछताछ के बाद हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों और साजिश के संबंध में महत्वपूर्ण
खुलासे होने की उम्मीद है। मामले की जांच तेज कर दी गई है और अन्य आरोपियों की तलाश
जारी है। पुलिस ने हाल ही में इस मामले के मुख्य साजिशकर्ता को भी गिरफ्तार किया था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
