छत पर शराब पार्टी में हुई थी धक्का-मुक्की

सिर में गंभीर चोट व रीढ़ की हड्डी में थे 3
फ्रेक्चर
हांसी, 31 जनवरी (हि.स.)। श्री काली देवी रोड
स्थित श्री ब्रह्मकुमारीज आश्रम के समीप एक कार्यालय की पहली मंजिल से शराब पार्टी
के दौरान युवती के साथ गिरने वाले युवक विकास की भी शुक्रवार की रात मौत हो गई है। इस
घटना में खिड़की से गिरने वाली युवती रजनी की मौके पर ही मौत हो गई थी। विकास की मौत
के बाद परिजनों ने इसे हादसा नहीं, बल्कि धक्का देकर नीचे फेंकने का आरोप लगाया है।
हांसी के निकटवर्ती गांव ढाणी शोभा निवासी विकास
25 जनवरी से हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती था। उसे सिर में गंभीर चोटें, रीढ़
की हड्डी में तीन फ्रैक्चर, एक पैर टूटने और एक आंख की रोशनी जाने जैसी गंभीर चोटें
आई थीं। 6 दिन के इलाज के बाद उसकी भी मौत हो गई। विकास चार भाई-बहनों में से एक था
और उसकी करीब चार साल पहले शादी हुई थी। वह अपने पीछे दो साल की बेटी और करीब एक साल
का गोद लिया हुआ बेटा छोड़ गया है।
मृतक विकास के चाचा सुभाष व अन्य परिजन बड़ी
संख्या में ग्रामीणों के साथ शहर थाना पहुंचे और उन्होंने थाना प्रभारी को एक ज्ञापन
सौंप मामले की गहनता से जांच करने की मांग की थी। विकास के भाई मोहित ने आरोप लगाया
कि 24 जनवरी की रात कार्यालय में शराब पार्टी चल रही थी। इसी दौरान आपस में हुई कहासुनी
के बाद वहां मौजूद युवकों ने मिलकर विकास व रजनी को खिड़की से नीचे फेंक दिया। परिजनों
का कहना है कि रजनी और विकास खुद नहीं गिरे, बल्कि उन्हें जानबूझकर धक्का दिया गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद कमरे में मौजूद दो युवक मौके से फरार हो गए थे,
जिनकी भूमिका संदिग्ध है और उनकी जांच की जानी चाहिए। इस दौरान शहर थाना में सरपंच
एसोसिएशन प्रधान प्रदीप लादी, ट्रक यूनियन प्रधान संजय कसाना सहित गांव के मौजिज व
काफी संख्या ग्रामीण मौजूद थे।
शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह ने शनिवार काे बताया कि मामले
में घायल युवक के परिजनों से शिकायत प्राप्त हुई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर
मामले की जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई अमल
में लाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
