कानपुर, 10 फरवरी (हि.स.)। बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत साेमवार की देर रात सड़क किनारे मारपीट के दौरान दो पक्षों के बीच हुआ झगड़ा हाइवे तक पहुंच गया। तभी तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आ जाने से दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद दूसरा पक्ष मौके से फरार हो गया। सूचना में पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने मंगलवार को बताया कि आईटी गेट के सामने रहने वाले सूरज कुमार (30) फास्टफूड की दुकान में काम करता था। परिवार में पत्नी इंद्रावती व तीन बच्चे रोशनी, ज्ञानू और शिव है। पत्नी ने बताया कि देर रात दुकान मालिक प्रेम नारायण गुप्ता का कुछ ग्राहकों से शराब के नशे में विवाद हो गया था। मौके में मौजूद लोगों ने बीच बचाव करते हुए मामला शांत कर दिया। कुछ देर बाद दुकान मालिक प्रेम नारायण गुप्ता सूरज को लेकर नारामऊ जा रहे थे तभी लड़के आ गए और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। झगड़ा करते-करते दोनों पक्ष हाईवे पर आ गए तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने सूरज और एक अन्य व्यक्ति को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

देर रात पति के घर न लौटने पर पत्नी ने फोन किया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद डायल 112 के जरिए पुलिस को सूरज की गुमशुदगी की सूचना दी गई। मौके में पहुंची पुलिस ने फोटो दिखाकर पति की शिनाख्त कराई। तब जाकर घटना की जानकारी हुई। घटना के बाद से दुकान मालिक प्रेम नारायण गुप्ता फरार है। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की की जांच शुरू कर दी।
एसीपी ने बताया कि किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान हाईवे के बीच-बीच आने की वजह से यह हादसा हो गया था। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।——————-
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
