बीकानेर, 11 मार्च (हि.स.)। भारतीय नववर्ष 2083 के उपलक्ष में आयोजित होने वाली भव्य हिंदू नववर्ष धर्मयात्रा की तैयारियां शहर में जोर-शोर से चल रही हैं। भारतीय नववर्ष समारोह समिति द्वारा विभिन्न समाजों, संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों तथा विभागों से निरंतर संपर्क कर धर्मयात्रा में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में महानंद मंदिर परिसर में अनुराधा आचार्य के नेतृत्व में महिला शक्ति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में हिंदू नववर्ष के सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व पर विचार-विमर्श किया गया तथा उपस्थित महिलाओं से अधिकाधिक संख्या में धर्मयात्रा में शामिल होने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर भारतीय नववर्ष समारोह समिति के महामंत्री भंवर पुरोहित ने भी उपस्थित रहकर आयोजन की रूपरेखा पर अपने विचार रखे। वहीं विप्र फाउंडेशन की पदाधिकारी लक्ष्मी कश्यप ने सनातन परंपरा में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे सृष्टि के आरंभ, नवरात्रि प्रारंभ तथा सम्राट विक्रमादित्य के कालारंभ से जोड़कर बताया।
धर्मयात्रा की तैयारियों के अंतर्गत जलदाय विभाग के कर्मचारियों से भी संवाद किया गया। समिति के महामंत्री भंवर पुरोहित ने विभागीय कर्मचारी रमेश उपाध्याय के साथ बीछवाल कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों से मुलाकात की और धर्मयात्रा में सहभागिता का आग्रह किया। इस दौरान हनुमंत पुरोहित, हरिराम तिवारी, जयसिंह, राघवेंद्र सिंह, शिव सिंह, रवि सिरोही, प्रेम दुख सारण एवं भवानी शंकर देवड़ा सहित अन्य कर्मचारियों से भी चर्चा की गई।
इसके साथ ही शहर की बस्तियों में भी जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव
