नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इन नेताओं ने हिमाचल को देवभूमि बताते हुए इसके सांस्कृतिक वैभव, परंपराओं और लोगों की कर्मठता की सराहना की तथा प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध परंपराओं, अनुपम सांस्कृतिक धरोहर और यहां के लोगों की कर्मठता, कर्तव्यनिष्ठा और विनम्रता के कारण विशेष पहचान रखता है। उन्होंने प्रदेश के सभी परिवारों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह देवभूमि देश की सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक वैभव से समृद्ध है। उन्होंने इसे शांति, सरलता और ‘अतिथि देवो भव’ की परंपरा के लिए प्रसिद्ध बताया। शाह ने कामना की कि प्रदेश विकास और सुशासन के पथ पर अग्रसर हो और ब्रजेश्वरी माता से प्रदेशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर
