जम्मू, 11 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल का पदभार संभालने के बाद बुधवार को जम्मू पहुंचे कविंदर गुप्ता ने एक स्वागत समारोह में कहा कि जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के बीच अच्छे संबंध होने चाहिए।

लद्दाख के पूर्व उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने मंगलवार को शिमला के राजभवन में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में शपथ ली, जिसके बाद उन्होंने कहा कि यह पद किसी राजनीतिक दल का नहीं है। जम्मू में एक स्वागत समारोह में पहुंचे गुप्ता ने कहा कि सात महीने के बाद मुझे एक बड़े राज्य में काम करने का मौका दिया गया है। उनकी इच्छा और अपेक्षाएं होंगी कि समाज में सभी को साथ लेकर चलें और हिमाचल की भलाई के लिए काम किया जाए।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश गहरे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंध साझा करते हैं और आपसी सम्मान और सद्भावना को संरक्षित किया जाना चाहिए। गुप्ता ने कहा कि हमारी भाषा, संस्कृति और सभ्यता समान है। डोगरा शासकों के शासन के दौरान हिमाचल भी उनके राज्य का हिस्सा था। आज भी यहां के गीतों में चंबा और कांगड़ा जैसी जगहों का जिक्र होता है। आपसी प्रेम और स्नेह बनाए रखना चाहिए।
——————————
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह
