पिछली बरसात का भी नहीं दिया मुआवजा, अब फिर ओलावृष्टि से खराब हुई फसलें

इनेलो प्रदेश सचिव ने लगाया सरकार पर दोगली व जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप

हिसार, 29 जनवरी (हि.स.)। इनेलो के प्रदेश सचिव दलबीर किरमारा ने हरियाणा की
भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आय अधिक
दिखाकर बुजुर्गों की पैंशन काटी जा रही है वहीं कुछ माह पहले ही बेमौसमी बरसात से बर्बाद
हुई फसलों का मुआवजा भी किसानों को अभी तक नहीं दिया गया है। अब एक बार फिर कई गांवों
में हुई ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा है।
दलबीर किरमारा गुरुवार काे उकलाना क्षेत्र के गांव सिवानी बोलान में ग्रामीणों से बातचीत
कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जो दोगली नीतियां अपनाती है।
चुनाव
से पहले भाजपा ने लाडो लक्ष्मी योजना के तहत हर महिला को 2100 रुपये देने की घोषणा
की थी लेकिन चुनाव के बाद इस योजना में अनेक तरह की शर्तें लगाकर प्रदेश की अधिकतर
महिलाओं को इस योजना से बाहर कर दिया। इसी तरह बुजुर्ग, विधवा, दिव्यांग व अन्य श्रेणियों
को दी जाने वाली सम्मान भत्ता राशि पर भी भाजपा ने कैंची चलानी शुरू कर दी है और आय
अधिक दर्शाकर बुजुर्गों की पैंशन काटी जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भत्ता
जननायक चौधरी देवीलाल ने उस समय मात्र 100 रुपये से शुरू किया था लेकिन अब की भाजपा
सरकार इस सम्मान भत्ता को काट रही है, जो न केवल निंदनीय है बल्कि बुजुर्गों का अपमान
भी है।
दलबीर किरमारा ने कहा कि वास्तव में चुनाव से पहले भाजपा की नीतियां कुछ और
होती है और चुनाव के बाद बिल्कुल वादों के विपरीत नीतियां अपनाने लगती है। उन्होंने
कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में इनेलो किसानों व आम जनता
के हित में अपना संघर्ष जारी रखेगी। इनेलो ही हर वर्ग की हितैषी पार्टी है और पार्टी
प्रमुख अभय सिंह चौटाला जो कहते हैं, उसे पूरा अवश्य करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
