गुजवि में ग्लोबल आईटी कंपनी ने शुरू किया इंफोसिस

कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव

हिसार, 27 जनवरी (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सौजन्य से विश्वविद्यालय
के चौधरी रणबीर सिंह सभागार के सेमिनार हाॅल-1 में ग्लोबल आईटी कंपनी इंफोसिस का दो
दिवसीय व्यापक कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. विजय कुमार उद्घाटन
समारोह में मुख्य अतिथि व कुलपति के तकनीकी सलाहकार प्रो. विनोद छोकर विशिष्ट अतिथि
के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डा. प्रताप
सिंह ने की। इस अवसर पर डीन एफईटी प्रो. संदीप आर्य, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग
विभाग के अध्यक्ष प्रो. ओम प्रकाश सांगवान, सहायक निदेशक प्लेसमेंट आदित्य वीर सिंह,
इंफोसिस के एसोसिएट हर्षदीप सिंह बत्रा व लीड एसोसिएट शान वत्स उपस्थित रहे।
कुलसचिव डा. विजय कुमार ने मंगलवार काे अपने संबोधन में विद्यार्थियों
से नवाचार की राह पर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को कभी
हार न मानने की सीख दी और कड़ी मेहनत के बल पर सफलता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित
किया। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। तकनीकी सलाहकार
प्रो. विनोद छोकर ने अपने संबोधन में प्लेसमेंट प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, जैसे एप्टीट्यूड
राउंड, कोडिंग व साक्षात्कार के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इंफोसिस के एसोसिएट हर्षदीप सिंह बत्रा ने विद्यार्थियों
को कंपनी के वर्क कल्चर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने परीक्षा पास करने के महत्वपूर्ण
टिप्स सांझा किए। उन्होंने कहा कि प्लेसमेंट ड्राइव में विभिन्न तकनीकी पदों के लिए
विद्यार्थियों का चयन किया जा रहा है। इन पदों
में स्पेशलिस्ट प्रोग्रामर (लेवल 3) पद के लिए 21 लाख रुपये वार्षिक पैकेज, स्पेशलिस्ट
प्रोग्रामर (लेवल 2 के लिए) रुपये 16 लाख रुपये वार्षिक पैकेज, स्पेशलिस्ट प्रोग्रामर
(लेवल 1) के लिए रुपये 11 लाख रुपये वार्षिक पैकेज के साथ एक जॉइनिंग बोनस तथा डिजिटल
स्पेशलिस्ट इंजीनियर के लिए सात लाख रुपये वार्षिक पैकेज के साथ 75 हजार जॉइनिंग बोनस,
शामिल हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को पूरी ईमानदारी के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित
किया।
प्लेसमेंट निदेशक डा. प्रताप सिंह ने स्वागत
संबोधन में बताया कि यह ड्राइव विद्यार्थियों के लिए लीडिंग टेक्नोलॉजी कंपनी के साथ
अपने करियर की शुरुआत करने का शानदार अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस शानदार
अवसर का पूरा फायदा उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के संचालन में ओवरऑल कोर्डिनेटर्स
राहुल, कीर्ति, ओजस्वी व मयंक सहित अनमोल, अंजलि, हेमांग, दुष्यंत, अपूर्वा, सन्नी,
अश्विन, प्रशांत व रूद्राक्षी द्वारा विशेष सहयोग दिया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
