हिसार, 27 जनवरी (हि.स.)। जिले के बरवाला-टोहाना

रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर खड़ी एक जेसीबी मशीन में अचानक आग लगने से हड़कंप

मच गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया लेकिन पेट्रोल
पंप कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी मिली है कि जेसीबी मशीन का चालक सोमवार
देर रात मशीन को पेट्रोल पंप पर खड़ा कर उसके अंदर ही बैठा हुआ था। इसी दौरान मशीन
के निचले हिस्से से अचानक चिंगारी उठी और देखते ही देखते आग लग गई। आग लगते ही पेट्रोल
पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए पहले चालक को सुरक्षित बाहर
निकाला। इसके बाद कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग
लगातार भड़कती रही और जेसीबी मशीन पूरी तरह उसकी चपेट में आ गई। पेट्रोल पंप पर लगे
सबमर्सिबल पंप से पानी और उपलब्ध गैस सिलेंडरों की सहायता से कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत
के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की सूचना दमकल विभाग और पुलिस प्रशासन को
भी दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी और पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा
है कि इस हादसे में जेसीबी मशीन का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो पेट्रोल पंप के पास खड़ी मशीन के कारण बड़ी
की क्षति हो सकती थी। घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों की सतर्कता और साहस की क्षेत्र
में सराहना की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
