
अदालत ने पकड़ी गई दोनों महिलाओं को भी जेल भेजा

हिसार, 30 जनवरी (हि.स.)। शहर के आजाद नगर में भ्रूण लिंग जांच करते पकड़े
गए जजपा नेता डॉ. अनंत राम को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
उनके सहयोगी सूरजमल को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। इसके अलावा मौके से पकड़ी
गई दो महिलाओं प्रियंका व प्रेम को भी अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस
ने डॉ. अनंत राम सहित पकड़े गए चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया और सबूत पेश किए।
इससे पहले गुरुवार को पकड़े गए डॉ. अनंत राम बरवाला की शुक्रवार सुबह अचानक तबीयब खराब
हो गई। घबराहट व चक्कर आने के कारण नागरिक अस्पताल में लाया गया। जांच पड़ताल में पाया
गया कि उनका ब्लड प्रैशर कम हो गया है। आवश्यक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी
दे दी गई।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के आजाद नगर क्षेत्र
में लिंग जांच करते हुए एक निजी क्लीनिक पर छापा मारकर उक्त चिकित्सक व उनके साथियों
सूरजमल, महिला प्रियंका व प्रेम को पकड़ा था। टीम ने मौके से अल्ट्रासाउंड मशीन, लैपटॉप,
गर्भपात की दवाएं और नशीली गोलियां बरामद की थी। आजाद नगर थाना में डॉक्टर अनंतराम
बरवाला समेत चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। इनमें डॉ.
अनंतराम बरवाला, सूरजमल, महिला प्रेम, प्रियंका व अल्ट्रासाउंड मशीन बेचने वाले विक्रेता
के खिलाफ अलग-अलग 23 धाराएं लगाई हैं।
पीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. अनामिका बिश्नोई ने बताया कि हमने पुराने रिकॉर्ड
भी पुलिस को दिए हैं ताकि केस मजबूत हो सके। टीम में पीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. अनामिका
बिश्नोई, पीएचसी अग्रोहा की चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रोलिन गर्ग व डीईओ पीएनडीटी अजय
कुमार शामिल रहे।
टीम ने इस तरह बिछाया जाल
टीम गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार सुबह उपायुक्त कार्यालय के नीचे पार्किंग
एरिया में नकली ग्राहक बुलाया गया और उसे नंबर लिखे 35 हजार रुपए के नोट दिए। इसके
बाद उनको एक सफेद रंग की प्राइवेट गाड़ी में बैठाकर आजाद नगर एरिया में भेज दिया और
टीम द्वारा एक प्राईवेट सलेटी रंग की मारुति डिजायर गाड़ी में पीछा किया गया। इसके
बाद मुखबिर नकली ग्राहक को आजाद नगर गली नंबर 2 में श्री बालाजी क्लीनिक में लेकर गया।
वहां पर डॉ. सूरजमल नामक व्यक्ति मौके पर मौजूद मिला। महिला ग्राहक ने डॉ. सूरजमल को
लिंग जांच के लिए तय रकम 35 हजार रुपये दे दिए। डॉ. सूरजमल ने महिला को क्लीनिक के
साथ बाईं ओर सीढ़ियों पर ऊपर बने कमरे में जाने के लिए कहा, तब महिला ऊपर बने कमरे
में चली गई। साथ में डॉ. सूरजमल भी साथ ही ऊपर बने कमरे में आ गए और सूरजमल कमरे की
खिड़की से बाहर की तरफ देखने लगा।
इसके बाद टीम श्री बालाजी क्लीनिक पर पहुंची, तब डॉ. सूरजमल चिल्लाने लगा कि
सब बंद कर दो। टीम द्वारा अपना परिचय देने उपरांत कमरे की तलाशी ली गई। क्लीनिक के
ऊपर बने कमरे में दो महिलाएं व एक व्यक्ति पहले से मौजूद था। उक्त महिलाओं में से एक
महिला कमरे में रखे बेड पर लेटी हुई थी और एक व्यक्ति उसके पेट पर एक मशीन घुमा रहा
था। डॉ. सूरजमल, डॉ. अनंतराम बरवाला, महिला प्रेम व प्रियंका पत्नी बंसीलाल मौके पर
मौजूद मिले। तलाशी के दौरान कमरे से एक लैपटॉपनुमा अल्ट्रासाउंड मशीन प्रोब के साथ
जिसमें जैली लगी हुई थी, साथ में मशीन का चार्जर मिला। जिस गर्भवती महिला प्रियंका
का अल्ट्रासाउंड करने के लिए न तो कोई फॉर्म-एफ भरा गया था और 6 एमटीपी किट और विभिन्न
प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां मिलीं और वहां पर सर्च करने पर कोई भी नंबरी करंसी नोट
नहीं मिले। इस दौरान गर्भवती महिला द्वारा जो रुपये डॉ. सूरजमल को लिंग जांच के लिए
गए गए थे, वह टीम द्वारा बरामद कर लिए गए। इसके उपरांत नोडल अधिकारी को दूरभाष पर सूचित
किया गया। तलाशी के दौरान 20 प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां मिलीं जिनमें 5×5 किट (जिसमें
4 टैबलेट मिसोप्रोस्टोल व 1 टैबलेट मिफेप्रिस्टोन) व 1 किट (जिसमें 3 टैबलेट मिसोप्रोस्टोल
व 1 टैबलेट मिफेप्रिस्टोन) तथा एनडीपीएस की दवाइयां 210 टैबलेट मिलीं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
