अब 25 दिन के अंतराल पर मिलेगा घरेलू सिलेंडर,

होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों की आफत
हिसार, 11 मार्च (हि.स.)। जिले में कमर्शियल
गैस सिलेंडरों की सप्लाई बंद होने से होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने संकट
खड़ा हो गया है। गैस एजेंसियों के अनुसार फिलहाल कंपनियों की ओर से कमर्शियल सिलेंडर
की आपूर्ति रोक दी गई है, जिससे कारोबार प्रभावित होने लगा है। इसी तरह घरेलू गैस सिलेंडर
अब करीब 25 दिन के अंतराल पर ही मिल पाएगा। ऐसे में कई होटल संचालकों को वैकल्पिक इंतजाम
करने पड़ रहे हैं।
स्थिति को देखते हुए जिला खाद्य एवं आपूर्ति
नियंत्रक (डीएफएसई) अमित शेखावत ने बुधवार को जिले की सभी गैस वितरक एजेंसियों की आपात
बैठक बुलाकर उन्हें आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कंपनियों से सप्लाई की स्थिति, स्टॉक
और उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानी पर चर्चा की जाएगी।
उधार, गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि कमर्शियल
सिलेंडर की सप्लाई रुकने से सबसे ज्यादा असर होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़
रहा है। शहर में रोजाना बड़ी संख्या में कमर्शियल सिलेंडरों की खपत होती है, जबकि शादी-समारोह
का सीजन भी शुरू होने वाला है। अगर जल्द सप्लाई शुरू नहीं हुई, तो शादी-समारोह और कैटरिंग
से जुड़े कारोबार पर भी असर पड़ सकता है। ऐसे में गैस की कमी से कारोबार प्रभावित होने
की आशंका है।
गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार हिसार
में घरेलू सिलेंडर की लगभग चार लाख सिलेंडर प्रतिमाह की खपत है। वहीं कमर्शियल सिलेंडर
(19 किग्रा) की करीब 50–52 हजार सिलेंडर प्रतिमाह खपत है। अगर दैनिक औसत की बात करें,
तो घरेलू सिलेंडर की करीब 13–14 हजार सिलेंडर प्रतिदिन खपत है। कमर्शियल की करीब
1700–1800 सिलेंडर प्रतिदिन खपत है। हिसार जिले में करीब 54 एलपीजी गैस एजेंसियां संचालित
हैं। इनमें इंडियन ऑयल (इंडेन), भारत गैस (बीपीसीएल) व एचपी गैस (एचपीसीएल) की एजेंसियां
शामिल हैं।
हिसार के मलिक चौक स्थित आर्य गैस एजेंसी और
ओल्ड कोर्ट कॉप्लेक्स स्थित नवज्योति गैस एजेंसी के संचालकों का कहना है कि कंपनियों
की ओर से सप्लाई पूरी तरह बंद नहीं हुई है, लेकिन लोड कम आ रहा है। पहले जहां एक एजेंसी
को प्रतिदिन जितनी गाड़ियां मिलती थी, अब उससे कम स्टॉक मिल रहा है। कमर्शियल सिलेंडर
की मांग शादी-समारोह और होटल-रेस्टोरेंट में ज्यादा होने से दबाव बढ़ गया है। स्थिति
लंबी चली तो होटल-रेस्टोरेंट को दिक्कत बढ़ सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
