वाणिज्य विभाग में ‘स्वयम् मूक्स एवं स्वयम् प्लस’ विषय पर शैक्षणिक सत्र आयोजित

सत्र में विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोर्स, इंटर्नशिप

एवं भविष्य के अवसरों की दी जानकारी
हिसार, 28 जनवरी (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग के सौजन्य से ‘स्वयम् मूक्स एवं स्वयम्
प्लस’ विषय पर शैक्षणिक सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों
को ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म तथा भविष्य की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक
संभावनाओं से अवगत कराना था।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई
ने बुधवार काे अपने संदेश में इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि इस प्रकार के कौशल-आधारित
शैक्षणिक सत्र विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ते हैं। इससे विद्यार्थियों
की विश्लेषणात्मक क्षमता बढ़ती है तथा वे वैश्विक स्तर पर उपलब्ध ज्ञान संसाधनों का
लाभ उठाकर भविष्य के लिए अधिक सक्षम बनते हैं।
इस अवसर पर डा. विवेक गुप्ता ने विषय विशेषज्ञ
के रूप में सत्र का संचालन किया। सत्र की अध्यक्षता वाणिज्य विभाग की प्रभारी डा. मोनिका
सैनी ने की। विषय विशेषज्ञ डा. विवेक गुप्ता ने स्वयम् का
पूर्ण रूप स्टडी वेब ऑफ एक्टिव लर्निंग फॉर यंग एस्पाइरिंग माइंड्स बताते हुए कहा कि
यह भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका मुख्य उद्देश्य शिक्षा में एक्सेस, इक्विटी
तथा क्वालिटी सुनिश्चित करना है। डा. विवेक गुप्ता ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)
के अंतर्गत तीन प्रमुख पाठ्यक्रम श्रेणियों की जानकारी देते हुए सेल्फ-बेस्ड लर्निंग
की अवधारणा को समझाया, जिसके अंतर्गत विद्यार्थी कभी भी, कहीं भी और कोई भी सीख सकता
है।
डा. मोनिका सैनी ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक सत्र
विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने का सशक्त
माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि स्वयम् और स्वयम् प्लस जैसे पोर्टल विद्यार्थियों को अतिरिक्त
प्रमाणपत्र, कौशल विकास तथा रोजगारोन्मुख अवसर प्रदान करते हैं, जो उन्हें प्रतिस्पर्धी
युग में आगे बढ़ने में सहायक हैं। सत्र के अंत में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न
पूछे और डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के उपयोग को लेकर अपनी रूचि व्यक्त की। यह कार्यक्रम
विद्यार्थियों की डिजिटल साक्षरता एवं कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
