हिसार, 25 जनवरी (हि.स.)। सामाजिक संस्था सजग

एवं हरियाणा अग्रवाल विकास संगठन की ओर से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के महानिदेशक
एवं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राकेश अग्रवाल व उनकी धर्मपत्नी, भारत के नियंत्रक एवं महालेखा
परीक्षक (कैग) कार्यालय, दिल्ली की उप महानिदेशक (केंद्रीय क्षेत्र) श्रीमती रश्मि
अग्रवाल को सम्मानित किया गया।
यह सम्मान रविवार काे पाबड़ा स्थित पांडवकालीन प्राचीन मां
चण्डके देवी मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय सहस्त्र चंडी पाठ एवं शिव महा रुद्राभिषेक
उत्सव के अवसर पर प्रदान किया गया। इस अवसर पर संस्थाओं के अध्यक्ष सत्यपाल अग्रवाल
के नेतृत्व में जगदीश तायल, दीपक गर्ग (झज्जर वाले) एवं विनोद बंसल ने आईपीएस अधिकारी
राकेश अग्रवाल व रश्मि अग्रवाल को पर्यावरण एवं समृद्धि के प्रतीक स्वरूप पौधा एवं
शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
सत्यपाल अग्रवाल ने बताया कि राकेश अग्रवाल का
पारिवारिक संबंध पाबड़ा गांव से रहा है तथा मां चण्डके देवी मंदिर के प्रति उनकी गहरी
आस्था है। उनकी राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा एवं आध्यात्मिक जुड़ाव को दृष्टिगत रखते
हुए यह सम्मान प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में अनेक अधिकारी व ग्रामीण शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
