कठुआ/हीरानगर, 02 मार्च (हि.स.)। उपमंडल हीरानगर में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीएम हीरानगर फुलैल सिंह जेकेएएस ने डीएसपी ऑपरेशन्स, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर, तहसीलदार, बीडीओ तथा अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में किया।

इस अवसर पर एसडीएम ने एचपीवी वैक्सीन को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में प्रभावी बताते हुए अभिभावकों और समाज के लोगों से जागरूकता बढ़ाने और अभियान में सहयोग करने की अपील की। वहीं ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन किशोरियों को भविष्य में होने वाले संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए सुरक्षित और प्रभावी उपाय है जिसे चिकित्सकीय निगरानी में लगाया जा रहा है। यह अभियान हीरानगर उपमंडल के स्कूलों और स्वास्थ्य संस्थानों में पात्र लाभार्थियों को कवर करेगा। साथ ही जागरूकता कार्यक्रम और परामर्श सत्र भी आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।

कार्यक्रम का समापन समुदाय के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के संकल्प के साथ हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
