बरेली, 12 मार्च (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति में देरी और तय कीमत से अधिक पैसे वसूलने की शिकायतों को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार ने सख्ती शुरू कर दी है। उपभोक्ताओं की परेशानी दूर करने के लिए विभाग की ओर से एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जिस पर अब लोग सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

जिला पूर्ति कार्यालय की ओर से 9456667774 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर उपभोक्ता गैस बुकिंग, डिलीवरी में देरी, आपूर्ति में कमी या अधिक पैसे वसूलने से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकते हैं। विभाग के अनुसार यह हेल्पलाइन सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक कार्यदिवसों में सक्रिय रहेगी। शिकायत मिलने के बाद संबंधित एजेंसी से जानकारी लेकर जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं को राहत देने और गैस एजेंसियों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने कहा कि यदि किसी एजेंसी की लापरवाही या ओवरचार्जिंग की शिकायत सही पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या की तुरंत हेल्पलाइन पर शिकायत करें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
