कई दुकानों से नमूना संकलन कर भेजा गया राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला

बलौदाबाजार, 28 फरवरी (हि.स.)। होली त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा शनिवार को जिले में मिठाई दुकानों, होटलो का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई दुकानों से गुजिया, पेड़ा खुला व बेसन खुला का नमूना संकलन कर विश्लेषण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला कालीबाड़ी रायपुर प्रेषित् किया गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने उपरान्त आगे की कार्रवाई की जाएगी।

टीम द्वारा भाटापारा के खेमजी होटल, कलकत्ता स्वीट्स व न्यू काशीराम सुपर मार्केट भाटापारा का निरीक्षण किया गया एवं मिठाई का नमूना लिया।निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य परिसरों एवं खाद्य पदार्थों के निर्मित किये जाने वाले जगहों की सफाई व्यवस्था ठीक रखने, गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों का उपयोग मिठाईयों एवं नमकीन बनाने में प्रयोग करने, किसी भी निर्मित मिठाईयों या खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंगों का (श्री गणेश, गाय छाप रंग) का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिये गये। ग्राहकों को त्यौहारी सीजन में साफ सुथरे व कम घटक रंगों की मिठाईयों का प्रयोग करने तथा साफ-सफाई युक्त खाद्य परीसरों से ही खाद्य पदार्थों का अवसान तिथि, खाद्य लाईसेंस / पंजीयन नंबर देख कर ही पैक्ड खाद्य पदार्थों का क्रय करने कहा गया। खाद्य पदार्थ फाईन बेसन ब्रांड टाटा बेसन बैच नं. GV5H0844D1 के विक्रय वितरण एवं भंडारण को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के संपूर्ण क्षेत्रों में प्रतिबंधित किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर
