

बरेली, 26 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में होली से पहले कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए बरेली रेंज में क्षेत्रीय कार्यालय में डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के पुलिस कप्तानों के साथ बैठक की। उन्हाेंने स्पष्ट रूप से कहा कि गंभीर अपराधों में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में हत्या, लूट, डकैती, दुष्कर्म, दहेज हत्या, पॉक्सो, अपहरण, गोकशी, धर्मांतरण और साम्प्रदायिक मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई। लंबित विवेचनाओं को तेजी से निस्तारित करने, माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निरोधात्मक कदम तेज करने के निर्देश दिए गए। डीआईजी साहनी ने कहा कि बड़े अपराधों में जिम्मेदारी तय होगी और प्रदर्शन मैदान में दिखना चाहिए।

चल रहे अभियानों—ऑपरेशन कन्विक्शन, ऑपरेशन क्लीन और ऑपरेशन त्रिनेत्र—की प्रगति भी परखी गई। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिला सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया। साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली और ऑनलाइन ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को अनिवार्य बताया गया।
बैठक में डीआईजी साहनी ने आगामी उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के निर्देश दिए। वहीं होली के मद्देनजर सभी होलिका दहन स्थलों का चिन्हांकन, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, जुलूस मार्गों का निरीक्षण और शांति समिति की बैठकों को प्राथमिकता देने को कहा गया। अवैध और जहरीली शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा अराजक तत्वों पर सख्ती बरतने के आदेश भी दिए गए। डीआईजी ने दो टूक कहा कि त्योहार पर खलल डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
