मऊगंज, 06 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में कक्षा आठवीं की 14 वर्षीय छात्रा का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, छात्रा गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे अपनी सहेली के साथ आठवीं प्री-बोर्ड की परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में दो बाइक पर सवार चार युवकों ने उन्हें रोका और जंगल में ले गए। एक छात्रा को कुछ दूर ले जाकर छोड़ दिया और फिर दूसरी छात्रा के साथ चारों ने दुष्कर्म किया। परिजनों के अनुसार, युवती शाम तक जब घर नहीं पहुंची तो खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद गांव के पास जंगल में वह बेसुध हालत में मिली। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने छात्रा को कोई नशीला पदार्थ खिलाया, जिससे वह बेहोश हो गई। परिजन उसे सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
सूचना मिलते ही एसपी दिलीप सोनी और एसडीओपी सची पाठक थाना पहुंचे। इस मामले में चार आरोपियों के नाम सामने आए हैं। एसपी दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि युवती को होश आ गया है, लेकिन वह अभी स्पष्ट बयान देने की स्थिति में नहीं है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और पीड़िता के बयान के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
