खूंटी, 15 अप्रैल (हि.स.)। लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले बलिदानियों की वीरता व बलिदान को याद करते हुए बुधवार को मरचा उच्च विद्यालय परिसर में बलिदानी सीआरपीएफ जवान किरण तोपनो का 26वां शहादत दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में सीआरपीएफ 94 बटालियन खूंटी के जवानों के साथ शहीद के परिजन भी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार खूंटी जिला के रनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अम्मा पकना गांव निवासी सीआरपीएफ जवान किरण तोपनो, सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन में कार्यरत थे और जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिला के मदीना क्षेत्र में तैनात थे।
15 अप्रैल 2000 को आतंकवादियों से लोहा लेते हुए उन्होंने अदम्य साहस का परिचय दिया और देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए।
देश हित में उत्कृष्ट सेवा और वीरता के लिए शहीद किरण तोपनो को अलंकरण पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। शहादत दिवस के अवसर पर सीआरपीएफ 94 बटालियन खूंटी के उप कमांडेंट जयप्रकाश सिंह ने शहीद की पत्नी हेलेना तोपनो को अंगवस्त्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में शहीद के पुत्र रोशन तोपनो, विश्वासी गुड़िया, स्वर्णालता तोपनो, जिलानी तोपनो, कमलेश होरो, पुष्पा गुड़िया, समर्पण तोपनो, उच्च विद्यालय मरचा की प्रधानाध्यापिका जीवंती तोपनो, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा सीआरपीएफ 94 बटालियन के जवान बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस दौरान पुलिस जवानों की ओर से स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच चॉकलेट का भी वितरण किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
