सिलीगुड़ी, 17 मार्च (हि.स.)। सिलीगुड़ी, नक्सलबाड़ी और फुलबाड़ी समेत उत्तर बंगाल के कई इलाकों में सोमवार रात आए तेज आंधी-तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया। कुछ ही मिनटों के तूफान में सैकड़ों पेड़ गिर गए, जिससे कई घर क्षतिग्रस्त हो गए और कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

सिलीगुड़ी के शक्तिगढ़ में एक घर पर पेड़ गिरने से दो लोग फंस गए, जिन्हें फायर ब्रिगेड ने सुरक्षित निकाला। वहीं गांधी मैदान में एक पेड़ दुकान पर गिरा, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ।
नक्सलबाड़ी, बेंगाइजोत, फुटानी मोड़ और रथखोला में कई घरों को नुकसान हुआ, जबकि फुलबाड़ी और राजगंज में करीब 25 घर प्रभावित हुए। कई जगह घरों की छत उड़ गई और दीवारें टूट गई।
बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त होने से कई इलाकों में अब भी बिजली सेवा बाधित है। प्रशासन द्वारा राहत और मरम्मत कार्य जारी है, जबकि प्रभावित लोगों ने जल्द सहायता की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
