बक्सर, 14 मार्च (हि.स.)।

समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में सांसद सुधाकर सिंह की अध्यक्षता में पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आर एंड आर) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन के अंतर्गत संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
इस दौरान मॉडल स्कूल के निर्माण, नगर भवन बक्सर के जीर्णोद्धार, नगर भवन चौसा के निर्माण, चौसा प्रखण्ड में शवदाह गृह की स्थापना, शव वाहन की खरीद, हाई मास्ट लाइट लगाने तथा सामुदायिक भवन-सह-विवाह भवन के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों पर चर्चा की गई। इसके अलावा पावर प्लांट से प्रभावित क्षेत्र के लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों के बीच आर जी वितरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
सांसद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों के बीच आर जी वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा आर एंड आर के अंतर्गत प्रस्तावित सभी योजनाओं को शीघ्र क्रियान्वित किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को समय पर लाभ मिल सके।
इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और प्रदूषण की रोकथाम के लिए भी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया। बैठक में जिला पदाधिकारी साहिला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा
