मीरजापुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के चील्ह थाना क्षेत्र के चेकसारी गांव स्थित गंगा घाट पर बुधवार को नहाते समय बड़ा हादसा हो गया। तीन बच्चियां गहरे पानी में चली गयीं । इन्हें बचाने उतरी मां भी डूबने लगी लेकिन गाेताखाेराें ने तत्काल मां व एक बेटी काे बचा लिया जबकि एक बेटी का शव बरामद कर लिया गया और तीसरी बच्ची की तलाश जारी है।

चेकसारी निवासी रेखा देवी पत्नी सुरेंद्र यादव के साथ गांव की तीन बच्चियां अंशिका (15) पुत्री मिट्ठू, रंजना (13) पुत्री सुरेंद्र यादव और सोनम (14) पुत्री सुरेंद्र यादव गंगा में स्नान कर रही थीं। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
बच्चियों को डूबता देख घाट पर कपड़े धो रही रेखा देवी शोर मचाते हुए उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद गईं, लेकिन वह भी गहरे पानी में फंस गईं। मौके पर मौजूद मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए रेखा देवी और सोनम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि अंशिका और रंजना पानी में डूब गईं। सूचना पर चील्ह थाना थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य, चौकी प्रभारी टेढ़वा रामकिशोर व सीओ सदर मुनेंद्र पाल मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम की मदद से खोजबीन शुरू की गई।
घंटों मशक्कत के बाद गोताखोरों ने रंजना का शव बरामद कर लिया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रंजना दो बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर की थी और आरसीएम पब्लिक स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा थी।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
