ग्वालपारा (असम), 14 अप्रैल (हि.स.)। असम के ग्वालपारा में बहाग बिहू (रंगाली बिहू) के पहले दिन मनाए जाने वाले गोरू बिहू के मौके पर एक हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। मंगलवार को कृष्णाई नदी में डूबने से दो नाबालिग जुड़वां भाइयों की मौत हो गई।

यह घटना कृष्णाई के भोजमाला इलाके में उस समय हुई, जब दोनों भाई पारंपरिक रस्म के तहत मवेशियों को नदी में नहलाने गए थे। मृतकों की पहचान दीपांकर नाथ और देवाशीष नाथ के रूप में हुई है। दोनों 9वीं कक्षा के छात्र थे और टेंगाबाड़ी गांव के निवासी थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मवेशियों को नहलाने के दौरान अचानक दोनों भाई गहरे पानी में चले गए और डूबकर लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल उनकी खोजबीन शुरू की गई, लेकिन शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिल सकी।
बाद में सूचना मिलने पर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों के शव नदी से बरामद किए गए।
इस दुखद हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। जो दिन आमतौर पर खुशियों और सांस्कृतिक उत्सव का प्रतीक होता है, वह पीड़ित परिवार और पूरे समुदाय के लिए गहरे दुख का कारण बन गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।————-
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
