इटानगर, 06 फरवरी (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर स्थित भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो ने पीडब्ल्यूडी के एक जूनियर इंजीनियर और उसके ड्राइवर को 8 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो द्वारा जारी एक बयान में बताया गया है कि अरुणाचल प्रदेश सरकार के ‘भ्रष्टाचार के खिलाफ शून्य सहिष्णुता’ के आदेश का पालन करते हुए, हमने दो लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान तेची जोराम तारा (35), जूनियर इंजीनियर पीडब्ल्यूडी, कैपिटल डिवीजन-बी, इटानगर और उसके ड्राइवर इकेन रिबा (33) के रूप में हुई है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की यह सख्त कार्रवाई भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है। भ्रष्टाचार के मामलों को देखने या रिश्वत की ऐसी किसी भी मांग का सामना करने वाले नागरिकों को ऐसे मामलों की सूचना देने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी
