

पूर्वी सिंहभूम, 15 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के लिए यह गौरव का क्षण है कि अंडर-18 एशिया कप 2026 के लिए देशभर से चयनित 40 खिलाड़ियों में तीन खिलाड़ी राज्य से चुने गए हैं। तीनों ही खिलाड़ी जमशेदपुर स्थित नेवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) से हैं। चयनित खिलाड़ियों में आशीष तानी पुर्ती, प्रेमचंद सोय और जैसन कंडुलना शामिल हैं, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से राज्य और अकादमी का नाम रोशन किया है।

ये खिलाड़ी आगामी अंडर-18 एशिया कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 29 मई से 6 जून 2026 तक जापान के काकामिगाहारा में आयोजित होगा। प्रतियोगिता से पहले सब-जूनियर भारतीय पुरुष हॉकी टीम का कोचिंग कैंप 19 से 25 अप्रैल तक भोपाल स्थित सीआरसी, साई सेंटर में आयोजित किया जाएगा, जहां ये खिलाड़ी अपनी तैयारी को और धार देंगे।
इन खिलाड़ियों का चयन हाल ही में बिहार के राजगीर में आयोजित 16 वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर नेशनल पुरुष चैंपियनशिप में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। इस प्रतियोगिता में उन्होंने अपने खेल कौशल, निरंतरता और बेहतरीन रणनीतिक समझ का परिचय दिया, जिससे चयनकर्ताओं का ध्यान उनकी ओर गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
