
पूर्वी सिंहभूम, 14 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर स्थित टेल्को थाना क्षेत्र में मंगलवार को टाटा मोटर्स के मुख्य गेट पर स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग को लेकर बंटी सिंह गुट ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गेट जाम कर दिया, जिससे कंपनी के अंदर-बाहर अफरा-तफरी मच गई और उत्पादन कार्य प्रभावित हुआ।

गेट जाम होने के कारण बी शिफ्ट के कर्मचारी कंपनी के अंदर प्रवेश नहीं कर सके, जबकि ए शिफ्ट के कर्मचारी ड्यूटी खत्म होने के बाद बाहर नहीं निकल पाए। सैकड़ों कर्मचारी गेट पर फंसे रहे, जिससे कंपनी की कार्यप्रणाली पर असर पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान “बंटी सिंह जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे और बड़ी संख्या में समर्थक मौके पर डटे रहे। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बंटी सिंह ने कंपनी प्रबंधन और यूनियन पर मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं और कर्मचारियों के बच्चों को रोजगार के अवसरों से वंचित किया जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी जाएगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए टेल्को और गोविंदपुर थाना की पुलिस के साथ बड़ी संख्या में क्यूआरटी टीम को तैनात किया गया। प्रशासन ने वार्ता के माध्यम से मामला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका था।
टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, कंपनी प्रबंधन की ओर से इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।———-
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
