मुरादाबाद, 15 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान के अंतर्गत गुरुवार को टाउन हॉल कार्यक्रम की शृंखला में भाजपा मुरादाबाद महानगर के तत्वावधान में सिविल लाइन स्थित पंचायत भवन सभागार में एक भव्य एवं ऐतिहासिक टाउन हॉल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं युगांतकारी कदम है।

गुलाब देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश की मातृशक्ति को सम्मान, अधिकार एवं अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। यह अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान, स्वाभिमान और उनके उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है। उन्होंने सभी महिलाओं से आह्वान किया कि वे आगे बढ़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और इस ऐतिहासिक पहल का व्यापक समर्थन करें।
कार्यक्रम का आयोजन बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की महानगर संयोजिका अल्पना रितेश गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। अल्पना रितेश गुप्ता ने कहा कि यह अधिनियम नारी सशक्तीकरण के नए युग की शुरुआत है, जिससे महिलाओं को समाज एवं राजनीति में नई दिशा मिलेगी, नए अवसर प्राप्त होंगे। कार्यक्रम का संचालन योग प्रशिक्षका रितु नारंग द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रिया अग्रवाल, भाजपा पश्चिमी क्षेत्र की क्षेत्रीय मंत्री हरजिंदर कौर, डाॅ. प्रेमवती उपाध्याय, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, स्नेह प्रोजेक्ट की डायरेक्टर शिखा गुप्ता, महिला उद्यमी नैंसी अग्रवाल, महिला उद्यमी पायल रस्तोगी, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नीतू रस्तोगी, वीना अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
