पश्चिम मेदिनीपुर, 17 अप्रैल (हि. स.)। जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के चुनावी प्रचार ने जोर पकड़ा। नारायणगढ़, दांतन और सबंग में पार्टी नेताओं की सभाओं और रोड शो के जरिए कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा गया।

नारायणगढ़ में तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में राज्य युवा तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष सयोनी घोष ने एक भव्य रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। रोड शो के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भूमिका का उदाहरण देते हुए कहा कि ममता बनर्जी एक पेड़ की तरह हैं और नरेंद्र मोदी एक फल की तरह। फल एक समय गिरकर सड़ जाता है, लेकिन पेड़ जीवन भर छाया देता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आने वाले समय में ममता बनर्जी ही देश की प्रधानमंत्री बनेंगी।
इस कार्यक्रम में नारायणगढ़ की तृणमूल प्रत्याशी प्रतिभा रानी माइती, जिला युवा तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष निर्माल्य चक्रवर्ती, ब्लॉक अध्यक्ष सुकुमार जाना, ब्लॉक युवा अध्यक्ष सुभाष रायचौधरी, तृणमूल छात्र परिषद के ब्लॉक अध्यक्ष मौसम चक्रवर्ती सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इसी दिन दांतन दो नंबर ब्लॉक के पोरलदा में आयोजित जनसभा में भी सयोनी घोष ने भाग लिया। अलिपुरद्वार की सांसद और अभिनेत्री के रूप में पहचानी जाने वाली सयोनी घोष को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सभास्थल पर पहुंचे। सभा में उन्होंने पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में लोगों से मतदान की अपील की। इस दौरान दांतन दो नंबर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष इफ्तेखार अली और ब्लॉक युवा अध्यक्ष बिप्लब बेरा समेत कई स्थानीय नेता मौजूद रहे।
वहीं, सबंग विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी तथा मंत्री मानस रंजन भुइयां के समर्थन में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। सभा में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विकास की इस धारा को आगे बढ़ाने के लिए सबंग को और अधिक विकसित करना उनका लक्ष्य है।
अभिषेक बनर्जी ने इस दौरान केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि राज्य में बार-बार नरेंद्र मोदी और अमित शाह के आने के बावजूद भाजपा विकास के मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस का मुकाबला नहीं कर सकती।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
