मालदा, 15 अप्रैल (हि.स.)। विधानसभा चुनाव 2026 से पहले मालदा की राजनीति गरमा गई है। बुधवार को चांचल और हरिश्चंद्रपुर में प्रचार के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य को तृणमूल कांग्रेस के विरोध का सामना करना पड़ा। चांचल के बरुई इलाके से सभा के बाद हरिश्चंद्रपुर जाते समय बस स्टैंड पर तृणमूल कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, जिसे लेकर मौके पर भारी पुलिस और केंद्रीय बल तैनात किया गया।

इस दौरान भाजपा नेता पवन चक्रवर्ती भी नाराज नजर आए। वहीं, सांसद खगन मुर्मू ने आरोप लगाया कि भाजपा के बढ़ते प्रभाव से घबराकर यह विरोध किया गया। हरिश्चंद्रपुर टाउन लाइब्रेरी मैदान में आयोजित सभा से शमिक भट्टाचार्य ने राज्य सरकार पर घुसपैठ और मतदाता सूची को लेकर जोरदार हमला बोला।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल कोई धर्मशाला नहीं है। डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट—जो जहां से आया है, उसे वहीं भेजा जाएगा।
दीघा के जगन्नाथ मंदिर मुद्दे पर भी उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। शमिक भट्टाचार्य ने दावा किया कि गंगोत्री से गंगासागर तक भाजपा सरकार बनेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
