धमतरी, 19 अप्रैल (हि.स.)। अंतरराज्यीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंतिम दिन रविवार को खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता को यादगार बना दिया। दो दिवसीय इस आयोजन के समापन पर ओपन पुरुष युगल और वेटरन्स 40 से अधिक उम्र पुरुष युगल वर्ग के मुकाबलों में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। देर शाम तक फाइनल मुकाबले जारी रहे।

महानदी स्पोर्टस एंड वेलफेयर सोसायटी धमतरी के तत्वावधान एवं समाजसेवी पंडित राजेश शर्मा के सहयोग से 18 एवं 19 अप्रैल को दो दिवसीय अंतरराज्यीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन धमतरी शहर के इंडोर स्टेडियम में किया गया। पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि खिलाड़ियों का उत्साह और अनुशासन इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इस तरह के आयोजन से जिले में खेल का माहौल मजबूत होता है और नए खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहने चाहिए।
समिति के सचिव रितेश नाहर ने बताया कि, दो दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में अंडर-17 पुरुष एकल, ओपन पुरुष युगल और वेटरन्स 40 से अधिक उम्र पुरुष युगल सहित तीन वर्गों में रोमांचक मुकाबले खेले गए। अंतिम दिन ओपन पुरुष युगल के कुल 32 मैच खेले गए जिसमें 64 खिलाड़ी शामिल हुए। वहीं वेटरन्स 40 से अधिक उम्र पुरुष युगल में कुल 16 मैच खेले गए जिसमें 32 खिलाड़ी शामिल हुए। प्रतियोगिता में धमतरी सहित ओडिशा, दंतेवाड़ा, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, कांकेर, मुंगेली, कांकेर, राजिम, दुर्ग सहित अन्य शहरों से खिलाड़ी पहुंचे हैं। वेटरन्स 40 से अधिक उम्र पुरुष युगल का फाइनल मैच रवि सुखानी और मुकेश शर्मा एवं राकेश और हमीद के बीच जारी है। वहीं ओपन पुरुष युगल के चार मुकाबले जारी हैं। प्रतियोगिता के संचालन में वीरेंद्र सोनी, हेम प्रकाश केशरी, भावेश रजक, अनुजय सहित पूर्व एवं वर्तमान बैडमिंटन खिलाड़ी जुटे रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
