सिरसा, 14 मार्च (हि.स.)। सिरसा जिले के चोपटा क्षेत्र में अवैध रूप से बीटी कपास का बीज बेचने का मामला सामने आया है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की टीम ने 14 पैकेट बीज जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में कार्यरत गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक अमित कुमार ने शनिवार को बताया कि विभाग को सूचना मिली कि गांव जसाननिया में एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से बीटी कपास का बीज बेचा जा रहा है।

सूचना मिलने के बाद कृषि विभाग की टीम पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंची और जांच की। जांच के दौरान वहां मुकेश कुमार मिला और उसके पास से बीटी कपास बीज के 14 पैकेट बरामद हुए। इनमें से 12 पैकेट किस्म गुरु-1161 और 2 पैकेट किस्म 505 के थे, जिनका पैकिंग साइज 450 ग्राम प्रति पैकेट था। अधिकारियों द्वारा बीज के पैकेटों की जांच करने पर पाया गया कि इन किस्मों को हरियाणा में बिक्री के लिए अधिसूचित नहीं किया गया है और न ही इनके विक्रय की अनुमति है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह बीज गुजरात से लेकर आया है, लेकिन वह मौके पर खरीद से संबंधित कोई बिल या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार बीज की खरीद-फरोख्त करना कानून का उल्लंघन है।
कृषि विभाग की टीम ने मौके से तीन पैकेट बीज के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए भेजे हैं, जबकि शेष पैकेटों को सील कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस मामले में आरोपी के खिलाफ सीड्स एक्ट के तहत मामला दर्ज जांच शुरू कर दी गई है। कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि किसानों को अवैध या गैर-मान्यता प्राप्त बीज बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसानों को किसी प्रकार का नुकसान न हो और कृषि व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma
