बलिया, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ ) ओजस्वी राज ने बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित स्कूल चलो अभियान एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समीक्षा की। बैठक में स्कूल चलो अभियान के पिछले वर्ष के 55 हजार नए नामांकन के सापेक्ष इस वर्ष जिले के लिए 75 हजार नए नामांकन के लक्ष्य को हासिल करने पर जोर दिया गया। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ ) गड़वार की प्रगति अत्यंत खराब पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा तत्काल प्रभाव से वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने कहा कि सभी ब्लॉकों एवं विद्यालयों को लक्ष्य आवंटित कर दिया गया है। सभी नामांकन पूर्ण कर पोर्टल पर समयबद्ध फीडिंग सुनिश्चित किए जाएं।
आंगनबाड़ी से पास हुए बच्चों को भी चिन्हित कर उनका तत्काल नामांकन कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त पीएमश्री विद्यालयों में निर्धारित लक्ष्य को 30 अप्रैल तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। आरटीई के जरिए प्रवेश की समीक्षा की गई।
सीडीओ के अनुसार ब्लॉकवार आवंटन के सापेक्ष प्रवेश की प्रगति की समीक्षा में कुछ ब्लॉकों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अभिभावकों से सीधे संपर्क स्थापित कर तथा विद्यालयों के सहयोग से शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित कराएं।
जिन निजी विद्यालयों द्वारा जानबूझकर प्रवेश नहीं दिए जा रहे हैं, उनके विरुद्ध नोटिस जारी कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी ) के उच्चीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति असंतोषजनक मिलने पर कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया गया कि डीसी बालिका एवं डीसी निर्माण के माध्यम से सभी बीईओ अगले दो दिनों में निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही निर्माण कार्य के समानांतर स्टाफ नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए।
जहां निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है, वहां संबंधित प्रोजेक्ट मैनेजर के विरुद्ध शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए। खंड शिक्षा अधिकारी गड़वार की प्रगति अत्यंत खराब पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा तत्काल प्रभाव से वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि नामांकन एवं निर्माण कार्यों में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हेतु प्रकरण शासन को प्रेषित किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी
