
कार्यालय संवाददाता, सासाराम (रोहतास). लोकसभा चुनाव 2024 के नजदीक आते ही सभी पार्टियों के कार्यकर्ता अपना भाग्य आजमाने के लिए एड़ी चोटी एक कर रहे हैं। इसी कड़ी में सासाराम लोकसभा सुरक्षित क्षेत्र से भाग्य आजमाने वालों में विनोद पासवान का भी नाम काफी चर्चा में है। पासवान ने बताया कि वे तीन दशक से अधिक समय से भाजपा के जमीनी कार्यकर्ता हैं। वे एक साधारण परिवार से आते हैं लेकिन पार्टी के लिए समर्पित रहे हैं। चुनाव के समय कुछ लोग दल बदल कर पार्टी का टिकट पा लेते हैं और कार्यकर्ता देखते रह जाते हैं। उन्होंने बताया कि वे संगठन की मजबूती के लिए 1991 से कार्यरत हैं। वे हमेशा पार्टी की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाते रहते हैं। वहीं उन्होंने कहा कि सासाराम लोकसभा क्षेत्र की जनता उनके परिश्रम को देखते हुए उन्हें उम्मीदवार घोषित करने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि रोहतास एवं कैमूर के लोग अपना हस्ताक्षर युक्त पत्र पार्टी मुख्यालय को भेजें हैं जिसमें श्री पासवान को उम्मीदवार बनाने को कहा गया है। इसके अलावे मंडल से जिला स्तर के पदाधिकारी एवं निर्वाचित पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पत्रक को जिसमें उनके कार्यों का उल्लेख रहता है रात दिन घर घर तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
वहीं गुजरात में हो रहे विधानसभा के चुनाव को देखते हुए 2024 में लोकसभा के चुनाव में अपनी संभावना तलाशने के क्रम में विनोद पासवान रोहतास एवं कैमूर जिले के कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाते हुए अपने अभियान में लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि जिस तरह गुजरात विधानसभा के नौ मंत्री कार्यकर्ताओं को मौका देने के उद्देश्य से स्वेच्छा से अपना सीट छोड़ दिए इस आशय को लेकर हमारी उम्मीद और भी जगी है। सासाराम लोकसभा क्षेत्र से 2024 में नये चेहरे को टिकट जरूर मिलेगा। इस दौर में विनोद पासवान ने अपना नाम प्रदेश कार्यालय एवं केंद्रीय कार्यालय में पहले ही दे चुके हैं। यह तो समय ही बताएगा कि उनका परिश्रम रंग लाता है या कोई और उनके परिश्रम पर पानी फेर देता है।
