
दिनेश कुमार तिवारी, चेनारी। रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे पर गुरुवार को तेतरी गांव के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बच्ची को टक्कर मार दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका तेतरी गांव निवासी रविशंकर तिवारी की पांच वर्षीय पुत्री सोनालिका कुमारी बताई जाती है। जो प्राथमिक विद्यालय तेतरी में कक्षा एक की छात्रा थी। घटना के बाद वाहन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चेनारी-मल्हीपुर स्टेट हाईवे पर अज्ञात वाहन ने नौ वर्षीय सोनाली को टक्कर मार दी और इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की सहायता से परिजनों ने घायल बच्ची को इलाज के लिए आनन-फानन में समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेनारी ले गए। जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया।
सासाराम के सदर अस्पताल में कुछ देर के इलाज के बाद स्थिति में सुधार ना देख डॉक्टरों ने बनारस रेफर कर दिया। परिजन घायल बच्ची को इलाज के लिए बनारस ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। परिजन बच्ची की मौत के बाद उसके शव का पोस्टमार्टम करा कर सीधे अपने गांव तेतरी आ गए हैं। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।