
आठ फरवरी को मुंबई में आयोजित दूसरे दौर की प्रतियोगिता में होगी शामिल
आठ फरवरी को मुंबई में आयोजित होने वाली मिस इंडिया प्रतियोगिता 2023 के चयन टॉप में रोहतास की 23 वर्षीय बेटी भैरवी ने जगह बनाई हैं। मिस इंडिया प्रतियोगिता के दूसरे दौर ( राउंड ) में रोहतास की बेटी भैरवी को शामिल होने से जिले के लोग गौरवान्वित हैं। 13 जनवरी को कोलकाता में आयोजित प्रतियोगिता में भैरवी ने मिस इंडिया के दूसरे राउंड के लिए क्वालीफाई किया है। प्रतियोगिता में कुल 35 लड़कियों ने भाग लिया था , जिसमें दूसरे राउंड के लिए चयन टॉप में छह लड़कियों का चयन हुआ है। चयन टॉप छह लड़कियों में भैरवी भी शामिल हैं , जो बिहार से इकलौती प्रतिभागी हैं। आठ फरवरी को मुंबई में आयोजित होने वाली मिस इंडिया प्रतियोगिता के दूसरे राउंड में शामिल होगी। भैरवी रोहतास जिले के संझौली के सीमावर्ती गांव खैराडीह (काराकाट ) के बिनोद कुमार की पुत्री हैं। वह पूर्व में भी दिल्ली में आयोजित मिस इंडिया प्रतियोगिता में भाग ले चुकी हैं , लेकिन उनका चयन नही हो पाया था। फिर भी उसने हिम्मत नही हारी और अपना प्रयास जारी रखा। अंततः इस वर्ष भैरवी टॉप में अपना स्थान बनाने में कामयाब रही।
पटना में हुई भैरवी की प्रारंभिक शिक्षा
रोहतास की बेटी भैरवी की प्रारंभिक शिक्षा पटना के सेंट माइकल्स उच्च विद्यालय से हुई हैं। पटना से स्नातक तक पढ़ाई पूरी करने के बाद वह नई दिल्ली चली गई व वहां इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई कर रही हैं। पिता बिनोद कुमार व्यवसाई हैं और माता वीर कुंवर सिंह यूनिवर्सिटी के आएकेएस कॉलेज में व्याख्याता है। पिता ने बताया कि भैरवी का गांव से हमेशा जुड़ाव रहा हैं। वह गांव की सभ्यता और संस्कृति से भलीभांति परिचित है।
भैरवी ने बढ़ाया है जिले का मान
स्वच्छता आईकॉन डा मधु उपाध्याय ने भैरवी के कामयाबी पर कहा कि रोहतास की बेटियां किसी भी क्षेत्र में कम नहीं हैं। भैरवी ने जिले के मान बढ़ाने के साथ-साथ यहां के लड़कियों के लिए भी रोल मॉडल हैं। फक्र होता है कि गांव से निकली बेटियां आज मॉडलिंग के क्षेत्र में भी बेहतर कर रही हैं।